बैरसिया में युवक के लापता होने पर परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप, 50 लाख फिरौती मांगने का दावा

भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम तरावली कला निवासी प्रमोद कंजर के लापता होने के मामले में उसके परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि 31 मई को कुछ लोग प्रमोद को जबरन अपने साथ ले गए और बाद में उसकी रिहाई के लिए 50 लाख रुपये की मांग की गई.

इस मामले को लेकर प्रमोद के परिजनों ने सोमवार को नीलम पार्क में प्रेसवार्ता कर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि घटना के बाद 1 जून को बैरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें कुछ लोगों के नाम भी बताए गए थे. परिजनों का आरोप है कि मामले में अब तक अपहरण का प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है और गुमशुदगी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने इस संबंध में आईजी, मानव अधिकार आयोग और एसडीएम बैरसिया को भी शिकायत भेजी है.

प्रेसवार्ता में शिवसेना जिला अध्यक्ष शैलेंद्र रायकवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे. रायकवार ने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है.

प्रमोद की भाभी मछला कंजर ने बताया कि 31 मई की सुबह करीब 8 बजे प्रमोद अपनी पत्नी सरिता के साथ दूध लेने जा रहा था. इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक वाहन से आए कुछ लोगों द्वारा उसे अपने साथ ले जाने की बात सामने आई. परिजनों ने शिकायत में नरेंद्र कंजर सहित कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं.

परिजनों का कहना है कि कुछ मोबाइल नंबरों के माध्यम से उनसे संपर्क कर 50 लाख रुपये की मांग की गई है. उन्होंने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इतनी बड़ी राशि जुटाना संभव नहीं है. परिजनों ने पुलिस से प्रमोद की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Next Post

राजा भोज एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा दिवस: तिलक लगाकर यात्रियों का स्वागत, आधुनिक टच-फ्री सुविधाओं का हुआ शुभारंभ

Mon Jun 15 , 2026
भोपाल। राजधानी स्थित राजा भोज एयरपोर्ट पर सोमवार को यात्री सुविधा दिवस मनाया गया. इस दौरान दूसरे शहरों से आए यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया. इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा व महापौर मालती राय और डायरेक्टर रामजी अवस्थी मौजूद रहे. […]

You May Like