रायपुर, 13 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने प्रदेश के सभी जिला, शहर, नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को नगरीय निकायों के आम और उप-चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
पीसीसी कार्यालय से शुक्रवार जारी एक पत्र में यह जानकारी दी गई। पीसीसी के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी इस पत्र में बताया गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के आम एवं उप-चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग ने एक अप्रैल 2026 को निर्णायक तिथि मानकर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने का निर्णय लिया है।
पत्र के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में नगरीय निकायों के चुनाव होने हैं। इनमें जांजगीर-चांपा, सूरजपुर, बालोद एवं राजनांदगांव जिलों में नगर पालिकाओं के आम निर्वाचन शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न जिलों में अध्यक्ष पद और वार्ड पार्षद पदों के लिए उप-चुनाव भी निर्धारित किए गए हैं।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ और कोरिया जिलों में नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होगा। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए रायपुर, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरबा, जशपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोंडागांव, कांकेर और बीजापुर जिलों के कुल 15 वार्डों में उप-चुनाव कराए जाएंगे।
कांग्रेस पार्टी ने सभी स्तरों पर अपने कार्यकर्ताओं को इन चुनावों को लेकर सक्रिय होने का निर्देश दिया है। पार्टी ने संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ ही मंडल अध्यक्षों और स्थानीय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में शामिल होने को कहा है। पार्टी का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़ सकें और किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम छूटने न पाए।
पीसीसी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान की गई कार्यवाही से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अवगत कराते रहें। इस कार्य में तेजी लाने और पार्टी की रणनीति को मजबूती देने के लिए यह जानकारी आवश्यक मानी जा रही है।
पत्र की प्रतिलिपि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के अलावा प्रदेश के सभी सांसदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है। पार्टी के संचार समिति के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य चुनाव कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत जिन क्षेत्रों में चुनाव होने हैं, वहां राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने सबसे पहले मतदाता सूची पुनरीक्षण पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है।
