काबुल, 13 मार्च (वार्ता) अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दो अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की श्ुक्रवार को पुष्टि की।
सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद के अनुसार इन दोनों व्यक्तियों को स्थानीय कानूनों का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय समाचार चैनल ‘टोलो न्यूज़’ को दिए एक साक्षात्कार में मुजाहिद ने स्पष्ट किया कि इन अमेरिकी नागरिकों की गिरफ्तारी अफगान कानून तोड़ने के कारण हुई है। उन्होंने हालांकि इस मामले को अधिक तनावपूर्ण न बनाते हुए कहा कि यह मामला ‘गंभीर नहीं’ है और स्थिति को सुलझाने के लिए समाधान मौजूद है।
गौरतलब है कि गत सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अफगानिस्तान को आधिकारिक तौर पर ‘गलत तरीके से हिरासत में लेने वाले देशों’ की सूची में डालने की घोषणा की थी। तब अफगान विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस अमेरिकी फैसले पर खेद व्यक्त किया। मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी विदेशी नागरिक को राजनीतिक लाभ या किसी अदला-बदली के लिए बंदी नहीं बनाया गया है।
अफगान सरकार ने अमेरिका के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि इन गिरफ्तारियों का इस्तेमाल सौदेबाजी के लिए किया जा रहा है।
