
जबलपुर। आस्था, भक्ति और उत्साह के पावन संगम के साथ हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धर्म क्रांति समिति मझौली के तत्वावधान में सिद्ध धाम कटाव से मझौली स्थित ऐतिहासिक श्री विष्णु वाराह मंदिर तक विशाल कांवड़ यात्रा बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय श्री महाकाल’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
पुष्पवर्षा के साथ जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
सिद्ध धाम कटाव से विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन कर कांवड़ियों ने पवित्र जल उठाया और मझौली की ओर प्रस्थान किया। हाथों में कांवड़ और भगवा ध्वज लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमी नागरिकों द्वारा कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया तथा जलपान व फलाहार की व्यवस्था की गई।
श्री विष्णु वाराह मंदिर में किया जलाभिषेक
यात्रा का विधिवत समापन मझौली स्थित अति प्राचीन श्री विष्णु वाराह मंदिर में हुआ। यहां कांवड़ियों ने भक्तिभाव के साथ भगवान का पवित्र जल से जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान और महाआरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें धर्म क्रांति समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु, मातृशक्ति और युवा शामिल रहे।
