सिंगरौली : देवसर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो सड़को के भूमि शिलान्यास किया गया। 6.91 करोड़ से अधिक की लागत से लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आयोजन की अध्यक्षता देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने की।
इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ग्रामीण संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होने की अपेक्षा है। प्रथम परियोजना के अंतर्गत बैढ़न-बरगवां मार्ग से फुलवारी तक 4.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सौजन्य से 319.38 लाख की लागत से किया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण से स्थानीय नागरिकों की आवाजाही अधिक सुगम होगी तथा संबंधित क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूती मिलेगी।
इसी क्रम में देवसर विधानसभा क्षेत्र के कन्हैया दह से सिहार तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विभाग के सौजन्य से 371.76 लाख की लागत से किया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण से ग्रामीण जनजीवन को सुविधा मिलने और क्षेत्रीय आवागमन व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। दोनों सड़क परियोजनाओं की कुल लंबाई 9.40 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर 691.14 लाख अर्थात लगभग 6.91 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी।
