
सिंगरौली। बरगवां रेंज परिक्षेत्र से खैर की लकड़ी चोरी कर ले जा रहा एक ट्रक चितरंगी थाना क्षेत्र के नौगई के मुख्य मार्ग में पलट गया। जहां चितरंगी पुलिस ने खैर की लकड़ी को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई करते हुये वन परिक्षेत्राधिकारी चितरंगी को अवगत कराया।
तत्संबंध में चितरंगी टीआई सुधेश तिवारी ने बताया कि कई दिनों से शिकायतें मिल रही थी कि इस क्षेत्र से चोरी की खैर की लकड़ियों का परिवहन किया जा रहा है। जहां मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और बीती शाम क्षेत्र में जगह-जगह चैक प्वाइंट लगाकर ट्रक के तलाश में पुलिस जुट गई। जहां जानकारी मिली कि नौगई मार्ग में ट्रक को लेकर चालक जा रहा है। पुलिस धर पकड़ करने चली। जहां इस बीच खबर मिली कि रैकी करने वाले भी हैं। सफेद फोरव्हीलर वाहन से आगे-आगे रास्ता को क्लियर करने वाला गिरोह भी है और यह गिरोह अंतर्राज्यीय है। इसी बीच जानकारी मिली कि चालक ने ट्रक को जानबूझकर नौगई मार्ग में पलटा कर भाग खड़ा हुआ। टीआई ने आगे बताया कि ट्रक एवं खैर की लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर वन विभाग को अवगत करा दिया गया है। यह लकड़ी संभवत: बरगवां रेंज से आ रही थी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जप्त लकड़ी की लाखों कीमत की है। फिलहाल पुलिस उक्त मामले की जांच कर रही है।
