मंदसौर: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पशुपतिनाथ मंदिर स्थित शिवना घाट पर सांसद सुधीर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर शिवना घाट की सफाई की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है तथा जल जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए समाज को सामूहिक रूप से आगे आना होगा। भविष्य में जल संकट से बचने के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने किसानों को ड्रिप सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि शिवना नदी में जनसहभागिता से चलाया गया स्वच्छता अभियान प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ अभियान घोषित हो चुका है। उन्होंने स्वच्छता को केवल नदी तक सीमित न रखते हुए मन की स्वच्छता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री गुप्ता ने उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण एवं मां शिवना को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई।
