कुलगुरु ने मुख्यमंत्री को दिया दीक्षांत समारोह का आमंत्रण

जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 36वें दीक्षांत समारोह का निमंत्रण पत्र भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस गरिमामयी आयोजन की सफलता के लिए अपनी अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए समारोह में सम्मिलित होने की सहर्ष स्वीकृति प्रदान की। कुलगुरु प्रो. वर्मा ने मुख्यमंत्री को दीक्षांत की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के इतिहास में लगभग 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रपति का आगमन होने जा रहा है।

इस गौरवमयी उत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए राष्ट्रपति भवन दिल्ली, लोक भवन भोपाल तथा स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर विशिष्ट अतिथियों के स्वागत और आवागमन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद् संभालेंगे कमान इस गरिमामयी समारोह की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी के निदेशक डॉ. अशोक कड़ेल मंच की शोभा बढ़ाएंगे। विश्वविद्यालय दीक्षांत समिति के संयोजक प्रो. एसएस संधू और प्रो. राकेश बाजपेयी ने बताया कि दीक्षांत से जुड़े प्रत्येक प्रमुख बिंदु और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न आंतरिक समितियों के संयोजकों एवं सदस्यों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें की जा रही हैं।
रविवार को भी खुला रहेगा विश्वविद्यालय
कुलसचिव प्रो. रविशंकर सोनवाल ने बताया कि 21 जून को होने वाले इस भव्य आयोजन की समयबद्ध और त्रुटिहीन व्यवस्थाओं के मद्देनजर दीक्षांत समारोह संपन्न होने तक शनिवार और रविवार जैसे समस्त शासकीय अवकाश के दिनों में भी विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सभी कार्यालय एवं शिक्षण विभाग पूरी तरह क्रियाशील रहेंगे। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यालयीन समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा समय से पूर्व परिसर न छोड़ने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। अति आवश्यक परिस्थिति में केवल कुलगुरु की अनुमति से ही अवकाश स्वीकृत किया जावेगा, जिसके एवज में कर्मचारियों को भविष्य में प्रतिपूरक अवकाश प्रदान किया जाएगा।

Next Post

यात्री को लौटाया खोया हुआ बैग

Sun Jun 14 , 2026
जबलपुर: मुख्य रेलवे स्टेशन पर यात्री की खोई हुई संपत्ति सुरक्षित लौटाकर जीआरपी जबलपुर ने प्रस्तुत की ईमानदारी की मिसाल। सूत्रो के मुताबिक शुक्रवार को लगभग 11 बजे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 पर जीआरपी स्टाफ को एक लावारिस लैपटॉप बैग प्राप्त हुआ। बैग की जांच करने पर उसमें एचपी […]

You May Like