सीहोर। कृषि विभाग के उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय द्वारा अमानक बीज विक्रय करने पर जिले के 4 बीज विक्रय केंद्रों के बीज लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. इनमें सीहोर के गल्ला मंडी स्थित मेवाड़ा कृषि सेवा केन्द्र, जमोनिया रोड़ हरिओम ट्रेडर्स, भैरूंदा के स्वाति ट्रेडर्स व रिजनेबल एग्रो एजेंसी शामिल हैं. इन बीज विक्रेताओं के यहां से गेहूं बीज के नमूने लेकर राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए थे. जिसमें बीजों की अंकुरण क्षमता निर्धारित मानक से कम पाई गई. इसके साथ ही इन अमानक बीजों को बनाने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई की गई है, इन कंपनियों के उत्पादों को जिले में प्रतिबंधित कर दिया गया है. इनमें कुबेर सीड्स एंड बायोटेक नेमी वेयरहाउस नाईखेडी उज्जैन, हरियाली एग्रो सीड्स एंड फर्टिलाइजर्स खातेगांव देवास और महिको प्राइवेट लिमिटेड मुंबई शामिल हैं. संबंधित विक्रय स्थलों के निरीक्षण कर शेष स्टॉक की जानकारी प्राप्त करने एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं.
