
इंदौर। नगर निगम ने शुक्रवार को रविंद्र नाट्य गृह में सफाई मित्रों के बच्चों के लिए करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श (काउंसलिंग) कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर को देश का सबसे स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की अहम भूमिका है और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में करियर विशेषज्ञ सांवरलाल शर्मा ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
महापौर ने बताया कि नगर निगम समय-समय पर स्टडी सेंटर, शैक्षणिक सहायता और करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि दसवीं और बारहवीं के बाद इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, पत्रकारिता, विधि, डिजाइन, बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के विकल्पों से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम ने शहर की कई प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थाओं से चर्चा की है। इसके तहत सफाई मित्रों और नगर निगम कर्मचारियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग फीस में 50 से 60 प्रतिशत तक की विशेष छूट दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ला ने कहा कि निगम शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से सफाई मित्रों एवं उनके परिवारों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के राजीव जैन ने छात्रवृत्ति एवं शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सफाई मित्र एवं उनके बच्चे उपस्थित रहे।
