शहर के श्रीजी वृंदावन कॉलोनी के पांच घरो में सेंधमारी, 50 लाख से अधिक की चोरी

रीवा।विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की प्रतिष्ठित और सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली श्रीजी वृंदावन कॉलोनी अनंतपुर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. कॉलोनी के पाँच अलग-अलग मकानों के ताले तोडक़र अज्ञात चोरों ने लाखों की नगदी और ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया. अनुमान है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक हो सकती है.

जानकारी के अनुसार, इन सभी मकानों में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था. सभी मकान मालिक किसी न किसी कारणवश बाहर गए हुए थे. घटना का खुलासा तब हुआ जब कॉलोनी के एक मकान मालिक इंदौर से लौटे और अपने घर का ताला टूटा पाया. उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें 5 की संख्या में आए चोर वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए.घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में हडक़ंप मच गया. जांच के दौरान यह सामने आया कि कॉलोनी के 102, 103, 95, 100 और 108 नंबर मकानों में चोरी हुई है. सभी घरों के ताले तोड़े गए हैं और कीमती सामान सहित नकदी चोरी कर ली गई है. सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है. कालोनी में किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं है न कोई चौकीदार है और न ही कार्यरत सीसीटीवी कैमरे. रहवासियों ने कॉलोनाइज़र और प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि कई बार सुरक्षा के लिए लिखित में शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

Next Post

सिंधिया ने किया एमपीएल सीजन- 2 का आगाज

Thu Jun 5 , 2025
*कहा : मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का चैंपियन बनना हमारे लिए गर्व की बात* ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज गुरुवार को मध्य प्रदेश लीग के सीजन-2 का उद्घाटन किया । सिंधिया ने कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा […]

You May Like