अहमदाबाद, 26 फरवरी (वार्ता) कप्तान एडन मारक्रम (नाबाद 82) और क्विंटन डी कॉक (47) और रायन रिकलटन ( नाबाद 45 ) की विस्फोटक पारियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में वेस्टइंडीज को 23 गेंदें शेष रहते नौ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। एडन मारक्रम को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
दक्षिण अफ्रीका की सुपर आठ में यह लगातार दूसरी जीत है। वेस्टइंडीज दो अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। वेस्टइंडीज का आखिरी सुपर आठ मैच भारत से एक मार्च को होना है जबकि दक्षिण अफ्रीका अपने आखिरी मैच में जिम्बाब्वे से एक मार्च को ही खेलेगा।
एडन मारक्रम और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी ने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के लिए विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए आठ ओवर में 95 रन जोड़े। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रॉस्टन चेज ने क्विंटन डी कॉक को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। क्विंटन डी कॉक ने 24 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाये। मारक्रम और रिकलटन के बीच दूसरे विकेट लिये 82 रनों की अविजित साझेदारी हुई। 17वें ओवर की पहली गेंद पर मारक्रम ने चौका लगाकर अपनी टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई। मारक्रम ने 46 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 82 रनों की पारी खेली। रायन रिकलटन ने 28 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 45 रन बनाये।
इससे पहले रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 52) और जेसन होल्डर (49) की विस्फोटक पारियों तथा उनके बीच आठवें विकेट के लिये 89 रन की जबर्दस्त साझेदारी की मदद से वेस्टइंडीज ने आठ विकेट पर 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
वेस्टइंडीज एक समय 83 रन पर सात विकेट गंवाकर गहरे संकट में फंसा हुआ था लेकिन शेफर्ड और होल्डर ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। नौवें नंबर के बल्लेबाज शेफर्ड ने मात्र 37 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 52 रन बनाये। जबकि आखिरी ओवर में रनआउट हुये होल्डर ने 31 गेंदों पर 49 रन में चार चौके और तीन छक्के लगाये। दोनों के बीच 89 रन की साझेदारी मात्र 57 गेंदों में बनी।
आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने एक के बाद एक लगातार अपने सात विकेट गंवा दिये। कप्तान शाई होप (16), शिमरॉन हेटमायर (दो), ब्रैंडन किंग 11 गेंदों में (21), रॉस्टन चेज (दो), शरफ़ेन रदरफोर्ड (12) रोवमन पॉवेल (नौ) और मैथ्यू फोर्ड (11) रन बनाकर आउट हुये। वेस्टइंडीज ने एक समय 10.2 ओवर में 83 के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पारी को संभाला और टीम को 176 रन तक पहुंचा दिया।
दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एन्गिडी ने तीन विकेट लिये। कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश को दो-दो विकेट मिले।
