जम्मू 09 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को किश्तवाड़ जिले में आतंकवादी तंत्र पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी मोहम्मद अमीन भट उर्फ ‘जहांगीर सरूरी’ का घर भी शामिल है।
पुलिस ने किश्तवाड के कई स्थानों पर आतंकवादी मददगारों पर शिकंजा कसने के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) स्थित आतंकवादियों के मददगारों के घरों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह छापे किश्तवाड़ जिले में स्थित उन आतंकवादियों के घरों पर मारे गए जो पाकिस्तान या पीओके में रहते हैं लेकिन यहां से अपनी गतिविधियों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीमा पार से गतिविधियों के बढ़ने के कारण आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ये छापेमारी की गयी। इससे पहले डोडा जिले में भी इस तरह के अभियान चलाये गये थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें कई ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। अधिकारी ने बताया कि इन तलाशियों का उद्देश्य सीमा पार से जिले में हो रही आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई को तेज करना है।
