सतना : दो दिन पहले अमरपाटन के औद्योगिक क्षेत्र पडक्का में मिली लाश की गुतथी को सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पत्नी के प्रेमी द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी गई थी.अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी प्रेमलाल कोल निवासी मौहरिया जगन्नाथ द्वारा इस बात की शिकायत की गइई थी कि उसके पुत्र राजभान का कोई पता नहीं चल रहा है. फरियादी की शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा जांच शुरु ही की गई थी कि अगले दिन 4 अप्रैल को राजभान का शव औद्योगिक क्षेत्र स्थित झिन्ना नाले के पास पाया गया. मृतक के सिर और गले पर चोट के निशान थे.
जिसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. जांच के दौरान संदेह के दायरे में आए दिलीप पटेल उर्फ कल्लू 23 वर्ष निवासी खरमसेड़ा को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरु की गई. पूछताछ में कल्लू ने बताया कि मृतक राजभान की पत्नी साधना के साथ उसका पूर्व से प्रेम संबंध था. जिसके चलते उसने राजभान को रास्ते से हटाने की योजना बना ली. कल्ल्ू ने अपने साथियों करन केवट, बिजेंद्र कुशवाहा और करन के दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर राजभान को औद्योगिक क्षेत्र पडक्का बुलाया. जहां पर शराब पीने के बाद हुए विवाद के बीच उन्होंने राजभान पर हमला कर दिया. कांच की बोतल और पत्थर से हमला करने से अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण राजभान की मौत हो गई. जिसे देखते हुए पुलिस ने आरोपी दिलीप उर्फ कल्लू और बिजेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया.
