
सीहोर। सलकनपुर आश्रम में शरद पूर्णिमा महोत्सव इस बार धार्मिक भावनाओं के साथ एक मानवीय संदेश का भी प्रतीक बन गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अनुपस्थिति पर जब उत्तम स्वामी महाराज ने मंच से नाराजगी जताई और कहा कि जिसके पास सेवा प्रकल्प के लिए दो घंटे नहीं हैं, वह हमारे मंच पर नहीं चाहिए, तो माहौल कुछ देर के लिए गंभीर हो गया।
लेकिन घटनाक्रम ने तब नया मोड़ लिया जब पदाधिकारियों के आग्रह पर मुख्यमंत्री को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा गया। डॉ. यादव ने स्वामी महाराज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि यह गलती तपन भौमिक की थी और उन्होंने पहले ही उन्हें न आने की सूचना दी थी। मुख्यमंत्री ने भावुक लहजे में कहा, मैं स्वामी जी का बच्चा हूं, आगे भी गलती होने पर माफी मांगूंगा।
मुख्यमंत्री की इस सहजता से माहौल फिर से सौहार्दपूर्ण हो गया और स्वामी महाराज ने जयकारे लगवाकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। तीन दिवसीय महोत्सव में गोवंश आधारित जैविक कृषि और नर्मदा सेवा के लिए स्मृति पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल, मंत्री करण सिंह वर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
