सतना : एसटीसी आऊटसोर्स कर्मचारी ने नशे की हालत में प्रेम लगर विद्युत सब स्टेशन में खड़ी विद्युत कर्मियों की 2 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया. घटना होती देख विद्युत कर्मियों ने आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया. लेकिन तब तक दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल चुकी थीं.एसई कार्यालय प्रेम नगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार-सोमवार की दरमियानी रात प्रेम नगर स्थित विद्युत सब स्टेशन में आधा दर्जन कर्मचारी तैनात थे.
इन कर्मचारियों के साथ एसटीसी आऊटसोर्स कर्मी आकाश खरे भी मौजूद था. रात के दौरान सभी कर्मचारी चाय पीने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे. लेकिन जब सभी वहां से लौटने लगे तो आकाश ने लौटने से मना कर दिया. जिसे देखते हुए एसटीसी के लाइनमैन राकेश को इस बात की सूचना दे दी गई कि आकाश नशे की हालत में रेलवे स्टेशन के निकट बैठा हुआ है और वह चल फिर पाने में असमर्थ है. जब सभी विद्युत कर्मी वापस सब स्टेशन लौट आए तो उन्हें नशे में धुत्त आकाश को रेलवे स्टेशन से वापस लाने के निर्देश दिए गए. लिहाजा एक बार फिर से विद्युत कर्मी रेलवे स्टेशन पहुंचकर आकाश को खोजने लगे. नहीं मिलने पर सभी वापस लौट आए.
कोतवाली पहुंची शिकायत
लेकिन जैसे ही विद्युत कर्मी वापस सब स्टेशन पहुंचे तो देखा कि एसई कार्यालय के सामने खड़ी उनकी बाइक में आग लग चुकी है. इसी दौरान आकाश खरे ट्रांसफार्मर के पास से आता नजर आया. हलांकि आग को नियंत्रित करने का काफी प्रयास किया गया. लेकिन इसके बावजूद भी सुभाष कनोैजिया और मनीष दाहिया की मोटरसाकिलें पूरी तरह जल गईं. जिसे देखते हुए विद्युत कर्मियों द्वारा मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई है.
