जबलपुर: शहर विकास और संस्थागत सुधार की दिशा में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नागरिक सुविधाओं में विस्तार और निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करना हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने राजस्व वसूली अभियान की समीक्षा के साथ-साथ सी.एम. हैल्प लाइन की समीक्षा करते हुए समय सीमा में सभी कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिये।
निगमायुक्त ने इस दौरान नवीन सम्पत्तियों जिसमें व्यवसायिक और आवासीय चिन्हित कर दर्ज करने संबंधी कार्यो की जानकारी ली और 30 जनवरी तक अभियान चलाकर कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने अभियान के अंतर्गत अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने, कम्पाउंडिंग, लीज नवीनीकरण आदि के कार्यो में भी गति लाने के निर्देश दिये ताकि निगम की आय में बढ़ोत्तरी हो सके।
निगमायुक्त ने कहा है कि ‘हमारा लक्ष्य न केवल शहर को बेहतर सुविधाएं देना है, बल्कि नगर निगम को एक आत्मनिर्भर और कार्यकुशल संस्था के रूप में स्थापित करना भी है। ‘वहीं निगम की आय में वृद्धि करने और वित्तीय ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए शहर में कई महत्वपूर्ण अभियान चलाए जाएंगे।
बेहतर प्रदर्शन पर 26 जनवरी को मिलेगा सम्मान
अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए निगमायुक्त ने कहा है कि जो कर्मचारी अपने टारगेट को समय पर पूरा करेंगे और वसूली व अन्य प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के गरिमामयी अवसर पर सार्वजनिक रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
