इंदौर: शहर के होस्टल्स में रहने वाले विद्यार्थियों के कमरों से मोबाइल, लैपटॉप और नकदी चोरी होने की घटनाएं फिर सामने आई हैं. भंवरकुआं क्षेत्र के विष्णुपुरी एनएक्स स्थित एक होस्टल्स में कई छात्रों का सामान चोरी हो गया. वारदात के दौरान छात्र कमरों में सो रहे थे और दरवाजे खुले हुए थे. पुलिस को आशंका है कि खुले दरवाजों वाले कमरों पर नजर रखने वाले चोर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.
भंवरकुआं पुलिस के अनुसार, छिंदवाड़ा निवासी प्रिंस सराठे देवनिवासी होस्टल में रहता है. उसने शिकायत में बताया कि रात को सोते समय कमरे का दरवाजा खुला रह गया था. सुबह उठने पर उसका आईफोन और लैपटॉप गायब मिले. इसी हॉस्टल में रहने वाले मिहिर गुप्ता का मोबाइल और नकदी भी चोरी हो गई. इसके अलावा यशदीप, अयाज अंसारी, सौरभ अहिरवार और युवराज के मोबाइल व लैपटॉप भी नहीं मिले. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
होस्टल्स में पहले भी सामने आती रही हैं चोरी की वारदातें
होस्टल्स में इस तरह की चोरी की वारदातें पहले भी सामने आती रही हैं. कमरों के दरवाजे खुले होने का फायदा उठाकर चोर अंदर रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी लेकर निकल जाते हैं. पूर्व में भंवरकुआं पुलिस ऐसी ही एक गैंग को पकड़ चुकी है. उस गिरोह के सदस्य प्रदेश के बाहर से आकर महू में किराए का कमरा लेकर रहते थे और इंदौर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर छात्रों के कमरों को निशाना बनाते थे. ताजा घटनाओं के बाद पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है
