ऑस्ट्रेलिया ने ईरानी राजदूत को निष्कासित किया

कैनबरा, 26 अगस्त (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया ने ईरान के राजदूत अहमद सादेघी को निष्कासित कर ईरान में अपने दूतावास को बंद कर दिया है।

ऑस्ट्रेलिया ने यहूदी विरोधी हमलों में ईरान की कथित लिप्तता के कारण यह कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ऑस्ट्रेलिया के सुरक्षा खुफिया संगठन ने देश की संघीय पुलिस के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई यहूदी समुदाय के खिलाफ कई यहूदी विरोधी हमलों की जाँच में पाया है कि इनमें से कम से कम दो हमलों को ईरानी सरकार का समर्थन प्राप्त था।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा “ये ऑस्ट्रेलियाई धरती पर एक विदेशी राष्ट्र द्वारा रची गई असाधारण और खतरनाक आक्रामकता की घटनाएँ थीं। यह हमारे समाज पर एक हमला है, जिसका उद्देश्य भय पैदा करना, आंतरिक विभाजन को बढ़ावा देना और सामाजिक एकता को नष्ट करना है। हमारे समाज पर ये हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और ऑस्ट्रेलियाई सरकार इसके जवाब में कड़ी और निर्णायक कार्रवाई कर रही है। हमने ऑस्ट्रेलिया में ईरानी राजदूत को सूचित कर दिया है कि उन्हें और तीन अन्य ईरानी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया जाएगा। हमने तेहरान स्थित अपने दूतावास में कामकाज स्थगित कर दिया है और हमारे सभी राजनयिक अब किसी तीसरे देश में सुरक्षित हैं।”

बयान में कहा गया है कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध करने के लिए भी कानून पारित करेगी।

उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में ऑस्ट्रेलिया में यहूदी समुदाय के सदस्यों पर हमलों में वृद्धि दर्ज की गयी है। यहूदी-विरोधी हमलों की श्रृंखला में सबसे चर्चित मामलों में से एक छह दिसंबर, 2024 को दक्षिण-पूर्व मेलबर्न में अदास इज़रायल पूजास्थल(सिनेगोग) पर आगजनी की घटना थी। हमले में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इमारत को काफी नुकसान हुआ। कुछ दिनों बाद पुलिस ने आगजनी को आतंकवादी कृत्य घोषित कर दिया।

Next Post

स्कूल के सेप्टिक टैंक में गिरा बालक, दूसरे दिन मिला शव

Tue Aug 26 , 2025
शहडोल। जिले में एक नौ वर्षीय मासूम बालक गिरवा हाई स्कूल के पास रहता था, एक दिन पहले खेलते-खेलते वह अचानक लापता हो गया। तलाश करने के बाद भी वह परिजनों को नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को तलाश किया […]

You May Like