बीएचईएल और थाइसनक्रुप न्यूसेरा का रणनीतिक समझौता 

भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने देश में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से थाइसनक्रुप न्यूसेरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत अल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइज़र सिस्टम के चरणबद्ध स्वदेशीकरण और भारत में स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस साझेदारी से ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में बीएचईएल की परियोजना निष्पादन क्षमता मजबूत होगी और देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को नई मजबूती मिलेगी। समझौते पर बीएचईएल की ओर से कार्यकारी निदेशक (हेवी पावर इक्विपमेंट प्लांट) वाई. श्रीनिवास राव तथा महाप्रबंधक एवं प्रमुख (न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस) सुत्रप्तो डे ने हस्ताक्षर किए। वहीं, थाइसनक्रुप न्यूसेरा इंडिया की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी किरण जोसेफ और निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट एवं सेल्स) मनीष भोसले ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

समारोह में भारत और भूटान में जर्मनी के राजदूत डॉ. फिलिप अकरमैन, बीएचईएल की निदेशक (इंडस्ट्रियल सिस्टम्स एंड प्रोडक्ट्स) बानी वर्मा, निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास) एस. एम. रामनाथन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह साझेदारी राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन तथा केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप है। इससे स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ाने, आयात पर निर्भरता कम करने और भारत को ग्रीन हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।

Next Post

रोहित शेट्टी के अचानक सेट पर पहुंचने का अनुभव यादगार रहा : चिन्मय मांडलेकर

Tue Jul 7 , 2026
मुंबई, 07 जुलाई (वार्ता) फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ के निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने फिल्म के एक्शन दृश्य की शूटिंग के दौरान का अनुभव साझा करते हुए कहा कि मशहूर फिल्मकार रोहित शेट्टी का अचानक सेट पर पहुंचना पूरी टीम के लिए यादगार पल था।चिन्मय मांडलेकर ने कहा कि आग […]

You May Like