
चितरंगी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी रविवार को सिंगरौली जिले के चितरंगी विकासखंड स्थित खटाई गांव पहुंचे। उन्होंने अडगन्नाथ बाबा मंदिर में रुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की और ग्राम पंचायत सरपंच हिरामन साहू के निवास पर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने उनसे मुलाकात की और उन्हें आदिवासी कला से निर्मित छायाचित्र भेंट किया।
प्रहलाद मोदी ने मीडिया से बातचीत में खटाई क्षेत्र की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपील की कि गांव को बेहतर सड़क मार्ग से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क ही विकास है और खटाई को राज्य के अन्य हिस्सों से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि वे अपने मित्र कमलेश साहू के आमंत्रण पर खटाई आए हैं और यहां की धार्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा से अभिभूत हैं। शाम 4 बजे वे बनारस के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विधायक रामनिवास शाह ने इसे सामाजिक गौरव का क्षण बताया।
