गांधीनगर, 27 जुलाई (वार्ता) गुजरात के कुछ हिस्सों में पिछले कई दिनों से हो रही भारी मानसूनी बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा तथा अहमदाबाद के दसक्रोई तालुका में सर्वाधिक 247 मिमी बारिश होने से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा।
राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज सुबह अचानक स्टेट इमरजेंसी कंट्रोल (एसईओसी) रूम के दौरे पर पहुंचे और राज्य में व्यापक बारिश की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
एसईओसी की ओर से आज जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 10 घंटे में आज सुबह छह से शाम चार बजे तक 170 तालुकाओं में एक मिमी से 247 मिमी तक बारिश दर्ज की गयी। इस दौरान 30 तालुकाओं में 52 से 212 मिमी, 31 तालुकाओं में 25 से 49 मिमी और 108 तालुकाओं में एक मिमी से 24 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
श्री पटेल ने सुरेन्द्रनगर, पाटण, अरवल्ली, अहमदाबाद, मेहसाणा, बनासकांठा, साबरकांठा और खेड़ा के जिला कलेक्टरों के साथ टेलिफोन पर बातचीत कर उनके जिलों में बरसात के कारण उत्पन्न हालात की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रहते हुए वर्षा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा पूरे प्रशासनिक अमले को सतर्क रहते हुए स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के साथ संपर्क में रहने और जिले की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
आज सुबह छह बजे तक पिछले 24 घंटे में राज्य के 30 जिलों के 181 तालुकाओं में बरसात हुई। इस दौरान सर्वाधिक 191 मिलीमीटर वर्षा बनासकांठा के वडगाम में दर्ज की गयी। लगातार वर्षा से राज्य में अब मानसून की वर्षा का प्रतिशत 58.22 से अधिक हो गया है।
