
सिंगरौली। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी सिंगरौली द्वारा अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर रामलीला मैदान के पास अंबेडकर चौक, बैढ़न में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक राम निवास शाह के मुख्य आतिथ्य एवं रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एसडी सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में कुल 247 महिला एवं पुरुष श्रमिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं ब्लड गु्रप की नि:शुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर में विशेष रूप से मिश्रा पॉली क्लीनिक एवं नर्सिंग होम के संचालक डॉ. डीके मिश्रा द्वारा भी श्रमिकों को नि:शुल्क परामर्श देते हुए आवश्यक दवाइयां लिखी गईं। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि श्रमिक वर्ग देश की प्रगति का मूल आधार है और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य श्रमिकों के जीवन स्तर को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इनका निरंतर आयोजन आवश्यक है। उक्त कार्यक्रम में रेडक्रॉस सचिव डॉ. ओपी राय, डॉ. डीके मिश्रा, डॉ. आरडी द्विवेदी, डॉ. एनके जैन एवं जीपी सिंह, विवेक कुमार त्रिपाठी, राजाराम केशरी, शिवकुमार पांडेय, नटवर दास अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
डीजे ने जनसेवा कार्यो के किये सराहना
रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एसडी सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं सरल और सुलभ रूप में पहुंचाना है। स्वास्थ्य शिविर में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार खरादी, उमेश सोनी, न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव मनोरम तिवारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी अमित शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इसके साथ ही जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वारा अपने उद्बोधन में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से श्रमिकों एवं जरूरतमंद नागरिकों को हर संभव विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा इस दिशा में निरंतर सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
