
दमोह।सावन माह के आज पहले सोमवार को जिले भर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रहेगी। खासकर श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर और दमोह शहर स्थित जटाशंकर मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लग जाएगा।
*लाखों श्रद्धालु करेंगे जलाभिषेक*
श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर में लाखों श्रद्धालु पहुंचकर भोले बाबा के दर्शन और जलाभिषेक करेंगे। आज सुबह 4 बजे से ही अनेक क्षेत्रों से कांवड़िये भी पहुंचेंगे और नर्मदा जी का जल अर्पित कर पूजन-अर्चन करेंगे।
*पुलिस प्रशासन ने की व्यापक व्यवस्थाएं*
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पेयजल, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और स्वास्थ्य टीम तैनात की गई हैं
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। दर्जनों पुलिस अधिकारी-कर्मचारी के साथ होमगार्ड और आपदा मित्र भी व्यवस्था संभालेंगे
कांवड़ियों के लिए पीडब्ल्यूडी और मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यवस्थित बैरिकेडिंग की गई है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा वॉलिंटियर भी तैनात किए गए हैं ताकि किसी भक्त को परेशानी न हो। दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) के निर्देश पर संपूर्ण व्यवस्थाएं की जा रही हैं। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया, एसडीओपी प्रिया सिंधी, डीएसपी एजेके सौरभ त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक आकांक्षा जोशी ने पुलिस अधिकारी और कर्मियों की रविवार दोपहर ड्यूटी लगाते हुए समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए। मंदिर प्रबंधक पंडित रामकृपाल पाठक ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट द्वारा हर संभव प्रयास किए गए हैं।
*सावन में गूंजेंगे ‘हर हर महादेव’ के जयकारे, 165 किलोमीटर की डांक कावड़ समेत कई यात्राएं होंगी आयोजित*
सावन माह में जिले भर में शिव भक्ति का माहौल है। विभिन्न स्थानों से कावड़ यात्राएं, भोले की बारातें और शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बांदकपुर धाम में जलाभिषेक के लिए भक्तों का लगातार आगमन जारी है। 10 अगस्त को पहुंचेगी 165 किलोमीटर की भव्य डांक कावड़ हर हर महादेव सेवा समिति दमोह द्वारा आयोजित भव्य डांक कावड़ यात्रा 10 अगस्त को प्रातः 4 बजे बरमान घाट से श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर पहुंचेगी। यह यात्रा लगभग 165 किलोमीटर की होगी। 9 अगस्त को निकलेगी 121 किलोमीटर की दौड़ती हुई कावड़ श्री बागेश्वर धाम शिष्य मंडल द्वारा चतुर्थ वर्ष कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने का संकल्प है। यह कावड़ 9 अगस्त, रविवार को सुबह 6 बजे शिव हनुमान मंदिर, जेल के पास से भेड़ाघाट के लिए प्रस्थान करेगी। सुबह 10 बजे भेड़ाघाट से नर्मदा जल लेकर कावड़िये दौड़ते हुए 121 किलोमीटर की दूरी तय कर श्री जागेश्वर धाम पहुंचेंगे।तीसरे सोमवार को आएगी मां जगदंबा विशाल कावड़ यात्रा सावन के तीसरे सोमवार को शाहपुरा भिटोनी से मां जगदंबा विशाल कांवर यात्रा बांदकपुर पहुंचेगी।इसके अलावा सावन भर हजारों भक्त मां नर्मदा जी का जल लेकर पैदल और वाहनों से बांदकपुर पहुंचकर श्री जागेश्वर नाथ को जल अर्पित करेंगे। पुलिस प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा सभी यात्राओं के लिए सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
