सतना: अस्पताल परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पास बने शौचालय को लेकर भी गंभीर शिकायत सामने आई। जानकारी मिली कि शौचालय उपयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति से पैसे वसूले जा रहे हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीईओ जिला पंचायत स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दोबारा इस प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित एजेंसी और एनजीओ के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उनका अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा।
सीईओ ने कहा कि जिला अस्पताल आमजन के स्वास्थ्य का प्रमुख केंद्र है, यहां आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।प्रशासन की इस सख्ती के बाद अस्पताल प्रबंधन में हडक़ंप की स्थिति देखी गई। अब देखना होगा कि व्यवस्थाओं में कितनी तेजी से सुधार होता है।
कई दिनों से नाली जाम
सीईओ द्वारा किय जा रहे निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति द्वारा इस बात की शिकायत की गई कि अस्पताल परिसर और सड़क के बीच की नाली की सफाई पिछले कई दिनों से नहीं हुई है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की लापरवाही गंभीर संक्रमण को जन्म दे सकती है। इस संबंध में स्थानीय जन प्रतिनिधि से भी कई बार शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीईओ द्वारा मातहत कर्मचारी को यह समस्या नोट करने के निर्देश दे दिए गए।
