इंदौर: एक ओर नगर निगम करोड़ों रुपये खर्च कर बनी-बनाई सड़कों को फिर से चमकाने में जुटा है, वहीं कई क्षेत्र ऐसे भी है, जहां लोग आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं. इन क्षेत्रों में कच्चे रास्ते, कीचड़, गहरे गड्ढे और बिखरे पत्थर विकास के दावों की पोल खोल रहे हैं. सड़क को लेकर परेशान इन रहवासियों में नाराजगी है.धार रोड स्थित वार्ड क्रमांक-1 के केशव नगर और सहयोग नगर क्षेत्र में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आती है. क्षेत्र में प्रवेश करते ही कच्चे रास्ते, कीचड़, गहरे गड्ढे और बिखरे पत्थर जिम्मेदारों की उदासीनता की कहानी बयां करते हैं.
मुख्य मार्ग को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश गलियां आज भी बदहाल स्थिति में पड़ी हुई हैं. स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी बसने के बाद से करीब 25 वर्षों में एक बार भी सड़क निर्माण का कार्य नहीं कराया गया. बरसात में हालात और बदतर हो जाते हैं. कीचड़ और गंदगी के बीच लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है, जबकि गड्ढों और पत्थरों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और लोग चोटिल होते हैं. रहवासियों का आरोप है कि हर चुनाव में सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधि क्षेत्र को भूल जाते हैं. यदि वोट के आधार पर विकास तय होगा तो यह जनता के साथ अन्याय है. क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि अब वे आश्वासनों में नहीं, जमीन पर विकास कार्य देखना चाहते हैं.
यह बोले रहवासी….
पिछले दो वर्षों से निगम के कर्मचारी सिर्फ नप्ति कर और फोटो खींचकर चले जाते हैं, लेकिन सड़कें नहीं बन रहीं. पार्षद चुनाव के समय आए थे, फिर दोबारा क्षेत्र में पलटे तक नहीं.
– मोहम्मद शकील
25 साल में एक बार भी सड़क नहीं बनी. अब बरसात में लोगों की और भी मुसीबत बढ़ जाएगी. पूरी कच्ची सड़क और गढ़ों में पानी भरा रहेगा, लोग गिरते-पढ़ते और घायल होते रहेंगे.
– पीर मोहम्मद
20 वर्षों से यहां रह रहा हूं, लेकिन आज तक रोड नहीं बनी. इसी वार्ड के आस-पास के क्षेत्र में जाकर देखो पक्के रोड को उखाड़कर नए बनाए जा रहे हैं.
– मुख्तियार अहमद
