
भोपाल। अशोका गार्डन थाना पुलिस मासूम बच्ची की मौत के मामले में जांच कर रही है. डेढ़ साल की बच्ची का बालकनी तक पहुंचना और वहां से नीचे गिरना पुलिस के लिए यह सवाल बना हुआ है. पुलिस मामले में हादसा या साजिश के एंगल से पड़ताल करने में जुटी है. मासूम बच्ची की मौत के मामले में परिजनों के बयान भी थाने में दर्ज किए जा रहे हैं.
बता दें कि तुलसी नगर हिनौतिया में बीते गुरूवार को मासूम बालकनी से नीचे गिरी. घायल बच्ची को एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बच्ची की शनिवार को मौत हो गई. मासूम के पिता संतोष गिरी निजी काम करते हैं. हादसे के दौरान बच्ची की मां घर पर थी और वह किचन में काम कर रही थी. बताया जा रहा है कि बच्ची घर में ही खेलते हुए बालकनी तक पहुंची थी, तभी उसके नीचे गिरने की जानकारी उसकी मां को हुई. अशोका गार्डन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब मामले में बच्ची के परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है, जिससे कि बच्ची के साथ कैसे क्या हुआ था इसका खुलासा हो सके.
