दतिया: सावित्रीबाई फुले की जयंती के उपलक्ष्य में सेवड़ा, जिला दतिया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष हिना कावरे ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन मान सिंह कुशवाहा पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी भिंड द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामीशरण कुशवाहा द्वारा की गई। लहार तिराहा से गलामंडी प्रांगण तक भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली में नन्हे बच्चों ने विभिन्न बहुजन महापुरुषों का रूप धारण कर रथों पर विराजमान होते हुए मनमोहक प्रस्तुति दी। रैली के दौरान लगभग आधे सैकड़ा स्थानों पर पुष्प वर्षा एवं स्वागत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा। जगह–जगह पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर अतिथियों एवं समाज के अग्रणी कार्यकर्ताओं का भव्य अभिनंदन किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर आयोजक मान सिंह कुशवाहा ने सभी सामाजिक न्याय के योद्धाओं एवं जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने देश में शिक्षा, समानता और महिला सशक्तिकरण की अलख जगाई। आज उनका आदर्श हमारे संघर्षों को दिशा देता है।इसी क्रम में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ने समाज को एकजुट होकर अपनी ताकत एवं शक्ति को बनाए रखने की तथा मान सिंह कुशवाह हाथों को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हिना कांवरे ने अपने संबोधन में कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने देश में महिला शिक्षा, सामाजिक न्याय और समानता की एक मजबूत नींव रखी। उन्होंने समाज के सभी महिला व वंचित वर्गों को शिक्षा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज जब हम उनकी जयंती मना रहे हैं, तो यह सिर्फ एक समारोह नहीं बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समाज के हर वर्ग तक शिक्षा और सामाजिक न्याय पहुँचे।
