ब्रिक्स फैक्ट्री में हादसा: बायलर फटने से दो मजदूर झुलसे, एक की हालत गंभीर

परासिया। उमरेठ ब्लॉक के ग्राम जमुनिया जेठू स्थित ग्रीन लाइट एसीसी लॉक एंड ब्रिक्स फैक्ट्री में बुधवार देर रात हुए औद्योगिक हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा फैक्ट्री की ऑटो क्लेव मशीन में विस्फोट होने के कारण हुआ, जिससे निकली तेज गर्म हवा की चपेट में आकर दोनों मजदूर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:30 बजे फैक्ट्री में कार्य के दौरान अचानक ऑटो क्लेव मशीन में विस्फोट हो गया। हादसे में मशीन ऑपरेटर मंगलू यादव निवासी गाजनडोह तथा राहुल चोरे निवासी छिंदवाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा गुरुवार को पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि मशीनों का रखरखाव, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा संचालन संबंधी मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Next Post

मरम्मत कार्य ज़ारी, कल से फिर खुलेगा ममलेश्वर सेतु!

Thu Jun 25 , 2026
ओंकारेश्वर, ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग ममलेश्वर सेतु (झूला पुल) हुक टूटने के कारण श्रद्धालुओं और नगरवासियों के लिए बंद कर दिया गया था। घटना के बाद एनएचडीसी के परियोजना प्रमुख – धीरेंद्र कुमार द्विवेदी के निर्देशन में तकनीकी टीम ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया। […]

You May Like