छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर कांग्रेस मनायेगी ‘आरक्षण दिवस’, लखनऊ में होगा राष्ट्रीय कार्यक्रम

नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के अग्रदूत छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती को इस वर्ष ‘आरक्षण दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया है।

कांग्रेस ओबीसी विभाग और एससी विभाग की ओर से गुरुवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्ट ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, एससी विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, एआईसीसी सचिव जितेंद्र बघेल, ओबीसी प्रदेश चेयरमैन मनोज यादव, एससी प्रदेश चेयरमैन तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौड़, विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सामाजिक न्याय आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कांग्रेस का कहना है कि श्री गांधी ने पिछले कुछ वर्षों में जाति जनगणना, सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और “जितनी आबादी, उतना हक” जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया है। पार्टी के अनुसार, सामाजिक न्याय भारतीय संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना है तथा आबादी के अनुपात में सभी वर्गों को शिक्षा, रोजगार, संसाधनों और सत्ता में न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

पार्टी ने कहा कि ओबीसी और एससी विभाग सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इससे पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर, मान्यवर कांशीराम, बाबू जगजीवन राम और महात्मा ज्योतिबा फुले सहित कई सामाजिक न्याय के प्रतीकों की जयंती और स्मृति कार्यक्रम भी आयोजित किये जा चुके हैं।

कांग्रेस ने देशभर के सामाजिक संगठनों, छात्र-युवाओं, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और संविधान एवं सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले नागरिकों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

 

Next Post

शासकीय भूमि के काटे गए आधा सैकड़ा से ज्यादा पेड़ 

Wed Jun 24 , 2026
सीधी/चुरहट। वन परिक्षेत्राधिकारी कार्यालय चुरहट अंतर्गत ग्राम मडि़ला कला में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के लिये आधा सैकड़ा से अधिक सागौन एवं सेधा के पौधे काटने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई की है। मिली जानकारी के अनुसार मडि़ला कला निवासी रमाशंकर विश्वकर्मा पिता शीतल विश्वकर्मा एवं शीतल […]

You May Like