मुंबई, 09 जून (वार्ता ) डिजिटल मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके द वायरल फीवर (टीवीएफ) के संस्थापक अरुणाभ कुमार की विनम्रता और नेतृत्व क्षमता की अभिनेता सुनीता राजवार और जमील खान ने खुलकर सराहना की है। यह प्रतिक्रिया टीवीएफ की लोकप्रिय वेब श्रृंखला गुल्लक के पांचवें सत्र की सफलता के बीच सामने आई है।गुल्लक के नवीनतम सत्र को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। शो की सफलता के बीच सुनीता राजवार ने कहा कि एक कलाकार के रूप में उनका विकास और पहचान गुल्लक तथा पंचायत की बदौलत संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि जब वह अपने करियर के कठिन दौर से गुजर रही थीं, तब टीवीएफ ने उन्हें नया अवसर और नई दिशा दी।
सुनीता ने कहा कि अरुणाभ कुमार आज भी उतने ही सरल और सहज हैं, जितने शो की शुरुआत के समय थे। उनके अनुसार, सफलता ने उनके स्वभाव में कोई बदलाव नहीं किया है और वह हमेशा अपनी टीम के लिए उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने टीवीएफ को एक परिवार जैसा बताया। वहीं जमील खान ने एक पुरानी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अरुणाभ कुमार से गुल्लक की सफलता के बाद इस श्रृंखला की गुणवत्ता बनाए रखने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि अरुणाभ ने भरोसा दिलाया था कि शो की मूल भावना और गुणवत्ता को कायम रखा जाएगा।
जमील के अनुसार, समय के साथ निर्देशक और लेखक बदलते रहे, लेकिन टीम को एकजुट रखने और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अरुणाभ कुमार ने प्रभावी ढंग से निभाई। उन्होंने कहा कि अरुणाभ की सबसे बड़ी विशेषता मजबूत टीम बनाना और उसे लंबे समय तक सफलतापूर्वक संचालित करना है।
टीवीएफ के कई कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुके हैं। आईएमडीबी की शीर्ष 250 टीवी कार्यक्रमों की सूची में टीवीएफ पिचर्स, पंचायत, गुल्लक, कोटा फैक्ट्री, एस्पिरेंट्स और ये मेरी फैमिली जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा टीवीएफ ने हाल के आयोजनों में अपनी आगामी फिल्मों और वेब श्रृंखलाओं की घोषणाओं से भी खासा ध्यान आकर्षित किया है। आने वाले समय में इसके कई नए प्रोजेक्ट दर्शकों के सामने आने वाले हैं, जिनसे इसकी लोकप्रियता और बढ़ने की उम्मीद है।

