
इंदौर/धार. मनावर तहसील में नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी को लोकायुक्त टीम ने सोमवार को रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी पटवारी प्रवीण पाटीदार को आवेदक से 10 हजार रुपए की पहली किश्त लेते ही दबोचा. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया ने बताया कि मनावर निवासी 66 वर्षीय अरुण कुमार तिवारी, जो जमीन-भूखंड खरीद-फरोख्त और पुजारी का कार्य करते हैं, ने अपने साथी अंकुश सोनी के लिए ग्राम कस्थली में दो प्लॉट बेचे थे. इन प्लॉटों के नामांतरण के लिए संबंधित पटवारी प्रवीण पाटीदार ने 10-10 हजार रुपए प्रति प्लॉट के हिसाब से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी. तिवारी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त इंदौर में की. सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप दल का गठन किया, सोमवार को मनावर तहसील स्थित पटवारी कार्यालय में जैसे ही आरोपी ने 10 हजार रुपए की पहली किश्त ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया.
