भाजपा प्रत्याशी महेश केवट ने भरा पर्चा, खण्डेलवाल बोले हमारे पास पर्याप्त संख्या बल

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने सोमवार को मप्र विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। नामांकन से पूर्व महेश केवट ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीनों रिक्त सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं और पार्टी को तीनों सीटों पर विजय का पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि महेश केवट को उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने समाज के उस वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जिसकी भागीदारी अब तक अपेक्षाकृत कम रही है। उन्होंने इसे भाजपा की समावेशी राजनीति और सामाजिक प्रतिनिधित्व की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल है और संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि विपक्षी दल राज्यसभा चुनाव को लेकर असमंजस और आंतरिक भ्रम की स्थिति में दिखाई दे रहा है।

राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा प्रत्याशी बनाना संगठन की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी और समाज ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

नामांकन के दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, कई मंत्री, सांसद, विधायक तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

कुएं में शव फेंककर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को उम्रकैद

Mon Jun 8 , 2026
सिंगरौली । देवसर स्थित पंचम अपर सत्र न्यायालय ने बहुचर्चित हत्या प्रकरण में तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पंचम अपर सत्र न्यायाधीश सोनल चौरसिया द्वारा फैसला सुनाते हुए आरोपी शिवसागर उर्फ रिंकू बियार उम्र 25 वर्ष, अंशू बियार उम्र 26 वर्ष तथा उमेश […]

You May Like