
ग्वालियर। ग्वालियर चंबल अंचल में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। अंचल में मौसम कंपकंपाने वाला रिकॉर्ड रच रहा है। अक्टूबर में भारी बारिश के बाद अब नवंबर के दूसरे सप्ताह में ही कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड-मुरैना सहित 9 जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो 1970 के बाद यानि लगभग 55 साल बाद नवंबर माह में ऐसी स्थिति बन रही है, जब इतनी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
जम्मू-कश्मीर से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से रात के तापमान में 9.6 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान गिरकर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे सुबह भारी सर्दी महसूस हुई। हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक बनी हुई है।
*कश्मीर में हुई बर्फबारी का असर*
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि कश्मीर में हुई बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के कारण उत्तरी हवाएं सीधे बर्फीली सर्दी लेकर आ रही हैं। आसमान साफ होने और नमी कम होने से रात के तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
अचानक बढ़ी सर्दी से गर्म कपड़ों और पेय पदार्थों के बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है। अब तक कड़ाके की सर्दी न होने से इन बाजारों में सुस्ती थी, लेकिन शीतलहर की दस्तक से स्थिति बदलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि नया पश्चिमी विक्षोभ आने तक सर्दी का यह प्रकोप जारी रहेगा।
