जबलपुर: गोरखपुर अंतर्गत रामपुर में एकतरफा प्यार और सनक में सिरफिरे आशिक ने खूनी खेल दिया। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की नीयत से युवती का चाकू से गला रेत दिया। ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीडि़ता का मोबाइल लूटा और उसे कमरे के अंदर लहूलुहान हालत में छोडक़र, बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर में किराए के मकान में रहने वाली 28 वर्षीय युवती वर्तमान में एक निजी संस्थान में डेटा ऑपरेटर है। उसकी 30 वर्षीय बड़ी बहन चार दिन पहले ही जबलपुर आई थी। वह सुबह 10 बजे अपनी ड्यूटी पर चली गई थी और घर पर उसकी बड़ी बहन अकेली थी। शाम करीब 6:15 बजे जब वह ड्यूटी से तीसरी मंजिल पर स्थित अपने किराए के कमरे पर वापस लौटी, तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। जैसे ही उसने गेट खोला और अंदर दाखिल हुई, तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
कमरे में दिखा खौफनाक मंजर, खून से सनी थी बहन
छोटी बहन ने जब दरवाजे को खोला तो खौफनाक मंजर दिखा। जब उसने दरवाजा खोलने के बाद बाईं तरफ जमीन पर उसकी नजर पड़ी तो उसकी बड़ी बहन खून से लथपथ हालत में दीवार के सहारे बैठी थी और कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीडि़ता का मोबाइल छीनने के बाद उसे तड़पता छोड़ बाहर से कुंडी लगाकर भाग निकला था।
तड़पते सुनाई आपबीती, बोली, आरोपी ने कहा,शादी करो, वरना मार डालूंगा
तड़प रही बड़ी बहन ने अपनी छोटी बहन को बताया कि शाम करीब 4 बजे उसका दोस्त मयूर चौरसिया कमरे के अंदर आया था। मयूर उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने उसकी इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया, तो मयूर आगबबूला हो गया। उसने अपने पास रखे चाकू से युवती की हत्या करने की नीयत से उसके गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब पीडि़ता ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो उसके दाहिने हाथ में भी गहरे जख्म हो गए।
तीन अस्पतालों के काटे चक्कर, हालत नाजुक
घायल बहन की चीख-पुकार और बदहवास हालत देखकर छोटी बहन उसे तुरंत उपचार के लिए पहले सुले हॉस्पिटल लेकर भागी। वहां से उसे जबलपुर हॉस्पिटल रेफर किया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण डॉक्टर ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। फिलहाल, पीडि़ता को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर की टीम उसकी जान बचाने में जुटी है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दी गई है। पुलिस की टीम आरोपी मयूर चौरसिया के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
