सिंहस्थ ड्यूटी के लिए पुलिस तैयारः भीड़ व ट्रैफिक मैनेजमेंट पर फोकस

इंदौर: सिंहस्थ-2028 को लेकर इंदौर पुलिस ने जमीनी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. शनिवार को 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के पहले चरण का समापन किया गया. इसमें पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया.पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर डीआरपी लाइन इंदौर में 1 से 6 जून तक यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था.

शनिवार को समापन अवसर पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा करते हुए सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से जुड़ी जरूरी सावधानियों व कार्यप्रणाली की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सिंहस्थ दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में पुलिस बल का प्रशिक्षित और दक्ष होना बेहद जरूरी है.

चरणबद्ध तरीके से दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को सेवा-भाव, तनाव प्रबंधन, तुरंत निर्णय क्षमता, जनसंपर्क और आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग के पहलुओं से भी अवगत कराया गया. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सीमा अलावा और रक्षित निरीक्षक दीपक कुमार पाटील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान चरणबद्ध तरीके से दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा. प्रत्येक बैच को 6 दिवसीय मॉड्यूल के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सिंहस्थ-2028 के दौरान हर पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभा सके.
विषय विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा प्रशिक्षित
प्रशिक्षण में सिंहस्थ का इतिहास, अखाड़ा परंपरा, मेला क्षेत्र की संरचना, भीड़ मनोविज्ञान, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग व डायवर्जन, आपदा प्रबंधन, महिला-बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और वीआईपी सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जा रही है. साथ ही संभावित यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और आपातकालीन व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है.

Next Post

रात दो बजे लगे निशान, 350 से ज्यादा टूटेंगे मकान दुकान

Sun Jun 7 , 2026
उज्जैन: जब पूरा शहर नींद की आगोश में था ऐसे में बीती रात 2 बजे नगर निगम और अन्य सरकारी विभागों के तीन दर्जन से अधिक अधिकारी कर्मचारी पहुंचे और मार्ग के दोनों छोर पर लाल निशान लगा दिए गए, दरअसल 24 खंबा से लगाकर हरसिद्धि की पाल तक चौड़ीकरण […]

You May Like