
रायसेन। रायसेन जिले में भोपाल-सागर मार्ग पर शुक्रवार को दो यात्री बसों की आमने-सामने की टक्कर में तीन यात्रियों की मृत्यु हो गई तथा लगभग 15 अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दुर्घटना सेहतगंज टोल प्लाजा के पास खरबई चौकी क्षेत्र में सुबह लगभग 11 बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई और दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि भोपाल से सागर जा रही बस के तीन यात्रियों की मृत्यु हुई है। दुर्घटना में घायल हुए लगभग 15 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
