शिवपुरी: शिवपुरी के ठकुरपुरा क्षेत्र में उस समय मातम पसर गया, जब गंगोत्री का जल लेकर रामेश्वरम जा रहे श्रद्धालुओं की कार तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक श्रद्धालु शिवचरण पाल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रशासन की तत्परता से 46 घंटे के लंबे सफर के बाद मृतक का पार्थिव शरीर उनके गृह नगर पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
गंतव्य से महज 50 किमी पहले हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ठकुरपुरा (वार्ड क्रमांक-1) से श्रद्धालुओं का एक दल अर्टिगा कार द्वारा रामेश्वरम के लिए रवाना हुआ था। जब कार रामेश्वरम से मात्र 50 किमी दूर रामनाथपुरम पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक डंपर से उसकी भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार कार में सवार अन्य लोग सुरक्षित रहे, लेकिन ड्राइवर के पीछे वाली सीट पर बैठे शिवचरण पाल (पुत्र मलथु पाल) का सिर सीधे डंपर से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर शिवपुरी कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी और अपर कलेक्टर दिनेश चन्द्र शुक्ला ने रामनाथपुरम (तमिलनाडु) के कलेक्टर तिरु. सिमरनजीत सिंह काहलों से संपर्क किया। इस घटना में तमिलनाडु प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मेडिकल कॉलेज में पीएम करवाया, पुलिस कार्रवाई पूरी की और आर्थिक सहायता प्रदान कर शव को शिवपुरी के लिए रवाना किया।
