
खरगोन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने अभ्युदय विश्व विद्यालय में नवनिर्मित श्रीराम दरबार मंदिर का लोकार्पण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए समय का सदुपयोग करें। अपनी योग्यता साबित करें और उन्नति करें। मैं भी सरकारी स्कूल से पढ़कर निकला हूं, हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी भी सरकारी स्कूल में पढ़े हैं। हम सभी क्षेत्रों में आगे बढऩे के अवसर समान रूप से सभी स्कूलों में पाते हैं। जहां मैं खड़ा हूं वहां आप भी खड़े हो सकते हैं। यही लोकतंत्र की ताकत है। उन्होंने कहा कि बच्चे शिक्षा के साथ संस्कार भी प्राप्त करें। आप भी अच्छी शिक्षा हासिल कर आगे बढ़े, उन्नति करें और देश के विकास में अपना योगदान दें। संवाद से पहले मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में बने नवनिर्मित श्रीराम दरबार मंदिर का लोकार्पण भी किया। लोकार्पण बाद भगवान श्रीराम दरबार के दर्शन-पूजन भी किया।
प्रश्नों के दिए उत्तर
सीएम ने संवाद के दौरान छात्र निखिल यादव, मयंक, सीमा जाधव द्वारा पूछे गए आधुनिक खेती को बढ़ावा, लीडरशीप और मैनेजमेंट के साथ ही युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी संबंधी सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत करने का प्रयास किया।
समारोह के दौरान सांसद गजेंद्र पटेल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, विधायक राजकुमार मेव, विधायक सचिन बिरला, कलेक्टर भव्या मित्तल, डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी धर्मराज मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी मौजूद रहे। डायरेक्टर स्वपनिल कोठारी ने कहा कि अच्छा मुकाम हासिल करने के लिए पुरुषार्थ के साथ कृपा भी जरुरी, इसलिए परिसर में भगवान राम दरबार की स्थापना की गई है, जिससे विद्यार्थियों पर कृपा बरसे और उनका भाग्य पुरुषार्थ के बल पर बदले।
