
भिण्ड। भिण्ड जिले की देहात थाना पुलिस ने करीब 37 लाख रुपये की चोरी के मामले में आठ माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का 12 जून को विवाह होने वाला था और वह विवाह की तैयारियों के लिए अपने गांव लौटा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 9 और 10 सितंबर 2025 की दरम्यानी रात देहात थाना क्षेत्र के कचोंगरा गांव में मुख्तार सिंह के घर चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। चोर रोशनदान तोड़कर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी सहित लगभग 37 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि बलदेव सिंह चौहान निवासी गाता फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी चोरी का सोना-चांदी गलवाकर गुजरात में रह रहा था। इसी बीच उसके परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। विवाह की तैयारियों के लिए वह चुपचाप अपने गांव लौट आया था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ परिजनों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि पूछताछ में आरोपी की चोरी की वारदात में संलिप्तता सामने आई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
