नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के साथ मिलकर को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड पेश किया है।
कंपनी ने सोमवार को बताया कि ग्राहकों को एक ही एप्लिकेशन में मास्टरकार्ड और रुपे दोनों नेटवर्कों का कार्ड जारी किया जायेगा। इसमें यात्रा संबंधी अन्य सुविधाओं के साथ इंडिगो का टिकट बुक कराने पर ज्यादा रिवॉर्ड प्वाइंट मिलेंगे।
कार्ड के लिए आवेदन करने के लिए ज्वाइनिंग फीस 4,999 रुपये होगी। इसमें ग्राहकों को 5,000 रुपये का इंडिगो ब्लूचिप्स (रिवॉर्ड प्वाइंट) और पूरक 6ई ईट्स (खाने का) वाउचर मिलेगा।
ग्राहक आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में एक लाख रुपये की सावधि जमा कराकर भी बिना किसी ज्वाइनिंग फीस के कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कार्ड एक्टिवेट करने के 90 दिन के भीतर एक लाख रुपये खर्च करने पर 3,000 अतिरिक्त ब्लूचिप्स मिलेंगे। इंडिगो की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिये इंडिगो के टिकट बुक कराने के लिए खर्च किये गये हर 100 रुपये पर 22 ब्लूचिप्स तक मिलेंगे।
कंपनी ने बताया कि विदेशी मुद्रा में खर्च करने पर विनिमय दर कम होगा। साथ ही इंडिगो के टिकट रद्द कराने पर कवर, यात्रा बीमा और लाइफस्टाइल से जुड़े दूसरे लाभ भी होंगे।
