नई दिल्ली | मालवीय नगर में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन को आगाह किया है। CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर राजधानी के सभी होटल, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था की गहन पुनर्समीक्षा करने की मांग की है। संगठन ने अग्निकांड के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई का आग्रह किया है।
सुरक्षा के लिए आठ सूत्रीय सुझाव
CTI ने भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए सरकार को आठ प्रमुख सुरक्षा सुझाव सौंपे हैं। इनमें किचन में ऑटोमैटिक फायर सिस्टम लगाना, बिजली वायरिंग की हर छह महीने में जांच, मॉक ड्रिल का आयोजन और स्पष्ट आपातकालीन निकास मार्ग (Emergency Exit) सुनिश्चित करना शामिल है। संगठन का तर्क है कि यदि इन सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए, तो ऐसी घटनाओं को नियंत्रित करना संभव है।
लापरवाही पर प्रशासन से जवाबदेही
पत्र में इस बात पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया है कि जिस होटल में आग लगी, वहां फायर एनओसी का अभाव था और स्वीकृत क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए जा रहे थे। CTI ने मांग की है कि फायर विभाग, एमसीडी और बिजली विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। व्यापारियों ने आश्वासन दिया है कि वे सुरक्षित और अग्निरोधी वातावरण बनाने के लिए सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।

