नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) सरकार ने महाराष्ट्र में जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह-जेएनपीए से चौक तक करीब 30 किलोमीटर लम्बे छह लेने के ग्रीनफील्ड राजमार्ग के निर्माण को मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने जेएनपीए पोर्ट के लिए इस हाईस्पीड मार्ग के निर्माण को मंजूरी दी है।
बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जेनपीए के पगोटे से चौक तक 29.219 किमी 6 लेन की एक्सेस नियंत्रित ग्रीनफील्ड हाई स्पीड राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को मंजूरी दी गई है। परियोजना पर कुल 4500.62 करोड़ रुपये की लागत आने का अुनमान है। यह कार्य निर्माण, ऑपरेट कर ट्रांसफर – बीओटी मोड पर संपन्न किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश में बड़े और छोटे बंदरगाहों को बुनियादी ढांचे से जोड़ने के लिए सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री गतिशक्ति के तहत किया जा रहा है। जेएनपीए एकीकृत बुनियादी ढांचा विकसित करने का काम सरकार के मुख्य फोकस वाले कार्यक्षेत्रों में शामिल है। इस बंदरगाह पर कंटेनर की संख्या बढाने, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास के साथ इस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी को बढ़ाने की जरूरत के तहत इस योजना को मंजूरी दी गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के पलास्पे फाटा, डी-पॉइंट, कलंबोली जंक्शन, पनवेल जैसे शहरी क्षेत्रों में भारी भीड़भाड़ के कारण जेएनपीए पोर्ट से एनएच-48 के धमनी स्वर्णिम चतुर्भुज खंड और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे तक वाहनों को जाने में 2-3 घंटे लग जाते हैं। इस साल नवी मुंबई हवाई अड्डे के शुरू होने के बाद, सीधी कनेक्टिविटी की जरूरत और भी बढ़ने की उम्मीद है और इसे देखतेह हुए इस परियोजना को इन कनेक्टिविटी जरूरतों, एनपीए बंदरगाह तथा नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जोड़ने की लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार करने के लिए डिज़ाइन की गई है। यह मार्ग जेएनपीए बंदरगाह राष्ट्रीय राजमार्ग 348) पगोटे गांव से शुरू होकर मुंबई-पुणे राजमार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर समाप्त होता है।
