
इंदौर. दोस्त बनकर घर में रहने वाले युवक ने ही अलमारी में रखा एक करोड़ रुपए कीमत का सोने का बिस्किट चुरा लिया. चोरी के बाद वह राजस्थान चला गया और मोबाइल बंद कर लिया. लसूड़िया पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से सोने का बिस्किट, चेन, नकदी और आईफोन सहित करीब 1.10 करोड़ रुपए का माल बरामद हुआ है.
बीसीएम पार्क, निपानिया में रहने वाली 44 वर्षीय रेनू शर्मा ने पुलिस को शिकायत की थी कि 10 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी हो गए. जांच में उन्होंने अपने साथ रहने वाले दोस्त गोपाल उर्फ गोपी जाखड़ उम्र 25 साल, निवासी ग्राम गारासनी, थाना आसोप, जिला जोधपुर, राजस्थान पर संदेह जताया. घटना के बाद से उसका मोबाइल भी बंद था. पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया. आरोपी ने रेनू शर्मा के साथ रहते समय अलमारी में सोने का बिस्किट देखा था. अगले महीने उसके गांव में सरपंची का चुनाव होना था और वह चुनाव लड़ने की योजना बना रहा था. चुनाव के खर्च और महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने सोना चुराने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया. आरोपी के पास से 630 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है, 40 ग्राम की सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपए है, दो लाख रुपए नकद और एक आईफोन-17 जब्त किया है. पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर शेष माल के संबंध में पूछताछ कर रही है.
चुनाव लड़ने और महंगे शौक पड़े भारी : डीसीपी
डीसीपी अमन सिंह राठौर ने नव भारत को बताया कि आरोपी महिला का परिचित था और उसके साथ रहता था. इसी दौरान उसने अलमारी में रखा सोना देखा और चोरी की योजना बनाई. सरपंची का चुनाव लड़ने और महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात करना सामने आया है. आरोपी से करीब 1.10 करोड़ रुपए का माल बरामद किया है. शेष माल के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
