लखनऊ, 13 मई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के बुधवार को आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है ।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने शोक संदेश में कहा, “प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
श्री अखिलेश यादव ने अपने सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये कहा, “ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।”
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, “ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है । उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि भगवान पूरे परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें ।
गौरतलब है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव को आज सुबह करीब छह बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। राजनीति से दूर रहकर वह रियल एस्टेट और फिटनेस का कारोबार संभालते थे।
