मुलायम के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन

लखनऊ, 13 मई ( वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे।

बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब छह बजे प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। प्रतीक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आएगा। प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे।

प्रतीक ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। वह लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लेनेट’ नामक जिम के मालिक थे। इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी चलाते थे जो स्ट्रीट डॉग्स का इलाज और देखभाल करती है।

प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। अपर्णा यादव भाजपा की तेजतर्रार नेता हैं और वर्तमान में यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार और उनके करीबियों में शोक की लहर है।

Next Post

बारिश से पहले ट्रेजर टाउन सड़क का निर्माण पूरा करेः महापौर

Wed May 13 , 2026
इंदौर: नगर निगम वार्ड 78 में स्थित ट्रेजर टाउन सड़क का निर्माण कार्य बारिश से पहले पूरा करें. उक्त बात महापौर ने आज क्षेत्रीय विधायक के साथ वार्ड में निरीक्षण के दौरान कही. महापौर आज वार्ड में स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे थे.महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं […]

You May Like