सिंगरौली: सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 पर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बरगवां और सजहर जंगल के झुरही नाले के पास बनी पुलिया में बड़ा होल दिखाई देने से संभावित हादसों का खतरा मंडरा रहा है। जगह-जगह गड्ढों से सड़क की हालत भी खराब हो चुकी है।जानकारी के अनुसार, इस 85 किमी लंबे हाईवे का निर्माण कार्य वर्ष 2012-13 से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया।
विशेषज्ञों का मानना है कि पुल-पुलियों का निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। झुरही नाले पर करोड़ों की लागत से बन रही पुलिया में होल देखने से चर्चाएं तेज हो गई हैं कि कार्यस्थल पर निरीक्षण और परीक्षण में लापरवाही बरती गई।इधर, सजहर जंगल के पास खाखन नदी की क्षतिग्रस्त पुलिया पर एमपीआरडीसी ने हाल ही में मरम्मत कार्य शुरू किया है, जहां वर्षों से हादसे होते आ रहे थे।
गौरतलब है कि पहले गैमन इंडिया और बाद में टीबीसीएल को यह काम सौंपा गया था, लेकिन दोनों कंपनियों पर गुणवत्ता में लापरवाही बरतने के आरोप लगे। सात साल पहले कर्थुआ नाले की पुलिया में भी इसी तरह का बड़ा होल हो चुका है। अब झुरही नाले की पुलिया में दोबारा वही हालात सामने आने से अधिकारी कटघरे में खड़े हो गए हैं।
