ललितपुर: चंदेरी मार्ग से पिपरई गांव और ललितपुर को जोड़ने वाली 80 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना पर काम तेज हो गया है. रेलवे बोर्ड ने इसका फाइनल लोकेशन सर्वे कराने का आदेश जारी किया था, जिसकी जिम्मेदारी पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को सौंपी गई थी.टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है. इसके तहत रेलवे मंत्रालय की निर्माण नियमावली के अनुसार सेंट्रल लाइन पिलर्स लगाए जा रहे हैं. ललितपुर से पिपरई के बीच निदानपुर, चकराघाट, तगारी, बांकलपुर, देवलखो और चुरारी समेत कई स्थानों पर पिलर्स स्थापित हो चुके हैं. जल्द ही पूरे मार्ग पर यह कार्य पूरा हो जाएगा. इसके पश्चात डीपीआर तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी.
केंद्रीय कैबिनेट से निर्माण राशि की स्वीकृति मिलते ही रेल लाइन का काम प्रारंभ हो जाएगा. इस परियोजना से दशकों से प्रतीक्षित क्षेत्र को नई रेल सुविधा मिलेगी. चंदेरी के उमेश पुरोहित, जिन्होंने 1977 में इस लाइन का सपना देखा था, अब 48 साल बाद इसे साकार होते देख रहे हैं. उनके साथ डॉ. योगेश मिश्रा, मुजफ्फर अंसारी (काले भाई), निर्मल विश्वकर्मा, सगीर मोहम्मद कुरैशी और कल्याण अहिरवार ने स्थल पर जाकर निर्माण पिलर्स का निरीक्षण किया.
