डिजिटल अरेस्ट कर 45 लाख की ठगी, अहमदाबाद से आरोपी गिरफ्तार

इंदौर. डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर शहर के एक सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी से 45 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह तक स्टेट साइबर सेल पहुंच गई है. मामले में गुजरात के अहमदाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि ठगी की रकम इसी आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी. पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़ित को 15 लाख रुपए भी वापस मिल गए हैं, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.

पीड़ित को 9 अगस्त 2025 को एक कॉल आया था. कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी का अधिकारी बताते हुए दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में हुआ है और उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है. इसके बाद ठगों ने स्काइप और वीडियो कॉल के जरिए करीब 24 घंटे तक उन्हें अपने नियंत्रण में रखा. गिरफ्तारी वारंट और कार्रवाई का भय दिखाकर उनकी चल अचल संपत्ति की जानकारी ली और अलग अलग बैंक खातों में 45 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए थे. शिकायत मिलने पर स्टेट साइबर सेल ने बैंक खातों की जानकारी जुटाई और गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल तथा हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से संदिग्ध खातों को फ्रीज कराया. जांच के दौरान साइबर सेल ने पीड़ित के 15 लाख रुपए रिफंड भी करा दिए. जांच में पुलिस अहमदाबाद निवासी हीरल सतीशचंद्र कंसारा तक पहुंची, जिसके खाते में ठगी की राशि ट्रांसफर हुई थी. उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया.

 

 

डिजिटल अरेस्ट जैसा कुछ नहीं होता…

डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई कानूनी प्रावधान नहीं है. कोई भी पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लेती और न ही जांच के नाम पर बैंक खाते में रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहती है. ऐसे कॉल आने पर घबराएं नहीं, तुरंत कॉल काटें और 1930 हेल्पलाइन या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं. तुरंत शिकायत मिलने पर ठगी गई राशि को होल्ड या रिफंड कराने की संभावना बढ़ जाती है.

एसपी, स्टेट साइबर सेल, इंदौर.

Next Post

करंट से घायल किसान को न्याय दिलाने भोपाल पहुंचे किसान, ऊर्जा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन; 25 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग

Wed Jul 8 , 2026
भोपाल। सीहोर जिले के सैकड़ों किसानों ने बुधवार को करंट हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान सतीश मेवाड़ा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राजधानी भोपाल में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निवास पर प्रदर्शन किया। किसान एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने […]

You May Like