रीवा: उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के चलते समूचे विंध्य क्षेत्र में एक बार फिर घने कोहरे के साथ हाड़ कपाने वाली ठंड शुरू हो गई है. दूसरे दिन भी शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा. हालत यह रही कि सुबह विजिबिलिटी 40 मीटर तक सिमट गई.हालत यह थी कि हाइवे और शहर के अंदर सडक़ो पर वाहन रेंगते नजर आए. सुबह 11 बजे तक घना कोहरा रहा और उसके बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए.
ठंड का अहसास दिन भर रहा. पिछले दो दिन से जिले में घना कोहरा पड़ रहा है. सोमवार की सुबह गढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत धारावीह के पास घने कोहरे के चलते कार और आटो में आमने-सामने भिडंत हो गई. जिसमें कई लोग घायल हुए है. मौसम विभाग ने पहले से ही संभावना जताई थी कि मध्य दिसम्बर से कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा शुरू हो जाएगा. उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ी है और दिन भर ठंड हवाएं चलने से लोग कांपते रहे.
हालत यह थी कि रात 8 बजे के बाद कोहरे का धुंध फिर छाने लगा और रात 12 बजे तक सडक़ो पर घना कोहरा हो गया था. इस समय हाइवे पर वाहन चलाना बेहद खतरनाक है. दो दिन से ठंड और कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. माना जा रहा है कि कड़ाके की ठंड और कोहरा मकर संक्रांति तक रहेगा और उसके बाद ठंड का असर कम होगा.
लेट होने लगी रीवा-आनंद बिहार ट्रेन
हर वर्ष की तरह इस बार भी घने कोहरे के चलते रीवा-आनंद बिहार ट्रेन की समय सारणी बिगड़ गई है. उत्तर प्रदेश में पड़ रही ठंड और कोहरे के कारण आनंद बिहार से चलकर रीवा आने वाली सुपर फास्ट ट्रेन अपने निर्धारित समय पर नही पहुंच पा रही है. रविवार को दो घंटे विलम्ब से पहुंची थी तो दूसरे दिन सोमवार को भी ट्रेन लेट पहुंची. जब तक उत्तर प्रदेश में घना कोहरा रहेगा तब तक ट्रेन लेट होती रहेगी.
दिन के तापमान में भारी गिरावट
दिन के अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आई है, अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे गिर गया है. 22.7 दिन का तापमान था यही वजह है कि दिन में भी कड़ाके की ठंड रही. रविवार को 23 डिग्री अधिकतम तापमान था. लेकिन दूसरे दिन तापमान लुढक़ कर नीचे पहुंच गया. वही रात का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया. दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर आ गया है. लगातार दिन का तापमान घट रहा है जिसकी वजह से धूप के बावजूद ठंड का असर कम नही हो रहा है. आने वाले दिनो में रात के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी, अगर इसी तरह कोहरा जारी रहा और तापमान 5 डिग्री के नीचे आ गया तो हाड कपाने वाली ठंड नुकसान दायक साबित होगी.
